14 मई को पूर्णिया में बजेगा सायरन, छा जाएगा अंधेरा: ‘हवाई हमला व ब्लैकआउट’ पर होगी बड़ी मॉक ड्रिल
14 मई को पूर्णिया में बजेगा सायरन, छा जाएगा अंधेरा: ‘हवाई हमला व ब्लैकआउट’ पर होगी बड़ी मॉक ड्रिल
पूर्णिया:-केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने हेतु पूर्णिया जिले में आगामी 14 मई को ‘हवाई हमला एवं ब्लैकआउट’ संबंधी वृहद नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सायरन बजते ही कई क्षेत्रों की बत्तियां बंद कर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जाएगी।यह अभ्यास बिहार के छह नागरिक सुरक्षा जिलों—पूर्णिया, पटना, किशनगंज, बेगूसराय, अररिया एवं कटिहार में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय को नोडल एजेंसी बनाया गया है, जबकि इसकी निगरानी आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा की जा रही है।मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन हालात का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। सायरन बजने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर अंधकार की स्थिति उत्पन्न की जाएगी। इसके लिए विद्युत विभाग के साथ विशेष समन्वय स्थापित किया गया है।अभ्यास में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, रेड क्रॉस सोसाइटी तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपात स्थिति में उनकी प्रतिक्रिया क्षमता का भी आकलन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि 14 मई को सायरन बजने, अचानक बिजली कटने अथवा आपातकालीन वाहनों की आवाजाही से घबराएं नहीं। यह केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा एक अभ्यास है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर मॉक ड्रिल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
