दत्तक ग्रहण से मासूम को मिला नया परिवार, चेन्नई के दंपति ने अपनाया अर्णव
दत्तक ग्रहण से मासूम को मिला नया परिवार, चेन्नई के दंपति ने अपनाया अर्णव
पूर्णिया में गुरुवार को अपर समाहर्ता श्री रवि राकेश द्वारा दत्तक ग्रहण वाद की सुनवाई की गई। सुनवाई के उपरांत विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, पूर्णिया में आवासित बालक अर्णव काल्पनिक नाम को दत्तक ग्रहण विनियम-2022 के प्रावधानों के तहत चेन्नई, तमिलनाडु निवासी दंपति एन सेल्वाकुमार एवं एस वलारमथी को दत्तक दिए जाने का आदेश पारित किया गया.पारित आदेश के बाद दत्तक ग्रहण करने वाले माता-पिता के अनुरोध पर बालक अर्णव का नया नाम वी.एस. अर्जुन रखा गया। दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही बालक को जैविक संतान के समान सभी वैधानिक अधिकार प्राप्त हो गए.बच्चे को अपने परिवार का हिस्सा बनाकर दत्तकग्राही दंपति काफी भावुक एवं हर्षित दिखे। इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने भी दंपति को शुभकामनाएं दीं.जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने निर्देश दिया कि दत्तक ग्रहण संस्थान एवं प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि परित्यक्त एवं असहाय बच्चों को संरक्षण देकर विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया जा सके.उन्होंने कहा कि केन्द्रीय दत्तक ग्रहण प्राधिकरण के माध्यम से ऐसे बच्चों को नया परिवार मिल सकेगा तथा निसंतान दंपतियों को संतान सुख प्राप्त हो सकेगा। इसके लिए सभी संबंधित हितधारकों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.दत्तक ग्रहण आदेश पारित किए जाने के दौरान पुलिस अधीक्षक पूर्णिया सुश्री स्वीटी सहरावत, सहायक निदेशक अमरेश कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई के बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री विवेक कुमार, श्रीमती प्रियंका कुमारी, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. 
