बनमनखी में धूमधाम से निकली संत रविदास की भव्य कलश यात्रा, समरसता और समानता का दिया संदेश
बनमनखी में धूमधाम से निकली संत रविदास की भव्य कलश यात्रा, समरसता और समानता का दिया संदेश
बनमनखी पूर्णियां:- संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता अभियान के तहत बनमनखी नगर में शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पूर्णिया से लाए गए पवित्र कलश को पहले रेलवे शिव मंदिर में रखा गया था। सुबह करीब 10 बजे रेलवे शंकर स्थान मंदिर से कलश यात्रा शुरू हुई, जो नेहरू चौक, अंबेडकर चौक, बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए संत रविदास मंदिर, दुर्गा स्थान रोड पहुंची।यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन किए और माथे से लगाकर नमन किया। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन, विचार और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला।रविदास समिति के सदस्य सत्यनारायण राम, महेश राम, रमेश राम, दीपनारायण राम, नीलम देवी, पुजारी विनोद राम सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, समरसता और कर्म का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सच्चे कर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।वक्ताओं ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए रविदास समिति की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने से सामाजिक समरसता को और मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष चौरसिया, लाल बिहारी यादव, धीरज झा, कार्यक्रम संयोजक नुनुलाल पासवान, शिव शंकर तिवारी, ब्रजमोहन सिंह, महेश पोद्दार, राजू बहरदार, अनीता देवी, मधुसूदन प्रभाकर, सानू कुमार सिंह, शशि शेखर कुमार, शैलेन्द्र पासवान, रामप्रसाद राम, बेचन राम, अजय राम, रेखा देवी सहित रविदास समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
