बनमनखी के मॉडल सुमरित उच्च विद्यालय में सेवानिवृत्त वरीय शिक्षक अरुण कुमार को भावभीनी विदाई
बनमनखी के मॉडल सुमरित उच्च विद्यालय में सेवानिवृत्त वरीय शिक्षक अरुण कुमार को भावभीनी विदाई
साढ़े 16 वर्षों की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त, विद्यालय परिवार ने शॉल व अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
बनमनखी पूर्णिया :- मॉडल सुमरित उच्च विद्यालय, बनमनखी में वरीय शिक्षक अरुण कुमार के सेवानिवृत्त होने पर गुरुवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार के शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके लंबे सेवाकाल के योगदान को याद किया।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेकानंद विवेक ने कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को स्वाध्याय,
सेवा और साधना—इन तीन चीजों का हमेशा पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरीय शिक्षक अरुण कुमार ने सरकारी सेवा के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें स्वाध्याय, सेवा और साधना के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।विद्यालय में लगातार साढ़े 16 वर्षों तक सेवा देने के बाद अरुण कुमार सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शॉल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने माल्यार्पण कर उन्हें उपहार भेंट किए तथा विद्यालय के विकास में उनके योगदान, पठन-पाठन के प्रति रुचि और व्यवहार कुशलता की सराहना की।वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने उद्गार व्यक्त करते हुए शिक्षक अरुण कुमार को भावुक विदाई दी। कई छात्र-छात्राओं की आंखें नम हो गईं।सेवानिवृत्त शिक्षक अरुण कुमार ने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास और भावुक करने वाला है। लंबे समय तक विद्यालय परिवार के साथ काम करने के बाद सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होना उनके लिए एक यादगार क्षण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने उन्हें केवल कार्यस्थल ही नहीं, बल्कि एक परिवार दिया। यहां के शिक्षकों का सहयोग और बच्चों का स्नेह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
