बनमनखी में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, पंडालों का किया निरीक्षण
बनमनखी में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, पंडालों का किया निरीक्षण
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य, लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
बनमनखी पूर्णिया:- आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को बनमनखी प्रखंड परिसर स्थित अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने बनमनखी क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक की अध्यक्षता अग्निशमन पदाधिकारी सुश्री सूरी चौहान ने की। मौके पर अग्निशमन विभाग के प्रधान अग्निक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने तथा विभाग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।अग्निशमन पदाधिकारी सुश्री सूरी चौहान ने पूजा समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों को निर्देश दिया कि पंडालों में आग से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए अग्नि सुरक्षा के उपायों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।उन्होंने सभी पूजा समितियों से अग्निशमन विभाग द्वारा जारी वैध आदेशों एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही, पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने पर बल दिया।अग्निशमन विभाग की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
